पवित्र बाइबिल
पुराना नियम
रूत
अध्याय 4
- Verse 1: तब बोअज़ फाटक के पास जाकर बैठ गया; और जिस छुड़ानेवाले कुटुम्बी की चर्चा बोअज़ ने की थी, वह भी आ गया। तब बोअज़ ने कहा, “हे मित्र, इधर आकर यहीं बैठ जा।” तो वह उधर जाकर बैठ गया।
- Verse 2: तब उस ने नगर के दस वृद्ध लोगों को बुलाकर कहा, “यहीं बैठ जाओ।” वे भी बैठ गए।
- Verse 3: तब वह उस छुड़ानेवाले कुटुम्बी से कहने लगा, “नाओमी जो मोआब देश से लौट आई है, वह हमारे भाई एलीमेलेक की एक टुकड़ा भूमि बेचना चाहती है।
- Verse 4: इसलिये मैं ने सोचा कि यह बात तुझ को जताकर कहूँगा, कि तू उसको इन बैठे हुओं के सामने और मेरे लोगों के इन वृद्ध लोगों के सामने मोल ले। यदि तू उसको छुड़ाना चाहे, तो छुड़ा; और यदि तू छुड़ाना न चाहे, तो मुझे ऐसा ही बता दे, कि मैं समझ लूँ; क्योंकि तुझे छोड़ उसके छुड़ाने का अधिकार और किसी को नहीं है, और तेरे बाद मैं हूँ।” उस ने कहा, “मैं उसे छुड़ाऊँगा।”
- Verse 5: फिर बोअज़ ने कहा, “जब तू उस भूमि को नाओमी के हाथ से मोल ले, तब तुझे उसे रूत मोआबिन के हाथ से भी जो मरे हुए की स्त्री है इस विचार से मोल लेना पड़ेगा, कि मरे हुए का नाम उसके भाग में स्थिर कर दे।”
- Verse 6: उस छुड़ानेवाले कुटुम्बी ने कहा, “मैं उसको छुड़ा नहीं सकता, ऐसा न हो कि मेरा निज भाग बिगड़ जाए। इसलिये मेरा छुड़ाने का अधिकार तू ले ले, क्योंकि मैं उसे छुड़ा नहीं सकता।”
- Verse 7: पुराने समय में इस्राएल में छुड़ाने और बदलने के विषय में सब पक्का करने के लिये यह प्रथा थी, कि मनुष्य अपनी जूती उतार के दूसरे को देता था। इस्राएल में प्रमाणित करना इसी रीति से होता था।
- Verse 8: इसलिये उस छुड़ानेवाले कुटुम्बी ने, बोअज़ से यह कहकर, “तू उसे मोल ले,” अपनी जूती उतारी।
- Verse 9: तब बोअज़ ने वृद्ध लोगों और सब लोगों से कहा, “तुम आज इस बात के साक्षी हो कि जो कुछ एलीमेलेक का और जो कुछ किल्योन और महलोन का था, वह सब मैं नाओमी के हाथ से मोल लेता हूँ।
- Verse 10: फिर महलोन की स्त्री रूत मोआबिन को भी मैं अपनी पत्नी करने के लिये इस विचार से मोल लेता हूँ, कि मरे हुए का नाम उसके निज भाग पर स्थिर करूँ, कहीं ऐसा न हो कि मरे हुए का नाम उसके भाइयों में से और उसके स्थान के फाटक से मिट जाए; तुम लोग आज साक्षी ठहरे हो।”
- Verse 11: तब फाटक के पास जितने लोग थे उन्होंने और वृद्ध लोगों ने कहा, “हम साक्षी हैं। यह जो स्त्री तेरे घर में आती है उसको यहोवा इस्राएल के घराने की दो उपजानेवाली राहेल और लिआ: के समान करे। और तू एप्राता में वीरता करे, और बैतलहम में तेरा बड़ा नाम हो;
- Verse 12: और जो सन्तान यहोवा इस जवान स्त्री के द्वारा तुझे दे उसके कारण तेरा घराना पेरेस का सा हो जाए, जो तामार से यहूदा के द्वारा उत्पन्न हुआ।”
- Verse 13: तब बोअज़ ने रूत से विवाह कर लिया, और वह उसकी पत्नी हो गई; और जब वह उसके पास गया तब यहोवा की दया से उस को गर्भ रहा, और उसके एक बेटा उत्पन्न हुआ।
- Verse 14: तब स्त्रियों ने नाओमी से कहा, “यहोवा धन्य है, जिसने तुझे आज छुड़ानेवाले कुटुम्बी के बिना नहीं छोड़ा; इस्राएल में इसका बड़ा नाम हो।
- Verse 15: और यह तेरे जी में जी ले आनेवाला और तेरा बुढ़ापे में पालनेवाला हो, क्योंकि तेरी बहू जो तुझ से प्रेम रखती और सात बेटों से भी तेरे लिये श्रेष्ठ है उसी का यह बेटा है।”
- Verse 16: फिर नाओमी उस बच्चे को अपनी गोद में रखकर उसकी धाय का काम करने लगी।
- Verse 17: और उसकी पड़ोसिनों ने यह कहकर, “नाओमी के एक बेटा उत्पन्न हुआ है,” लड़के का नाम ओबेद रखा। यिशै का पिता और दाऊद का दादा वही हुआ।
- Verse 18: पेरेस की वंशावली यह है, अर्थात् पेरेस से हेस्रोन,
- Verse 19: और हेस्रोन से राम, और राम से अम्मीनादाब,
- Verse 20: और अम्मीनादाब से नहशोन, और नहशोन से सल्मोन,
- Verse 21: और सल्मोन से बोअज़, और बोअज़ से ओबेद,
- Verse 22: और ओबेद से यिशै, और यिशै से दाऊद उत्पन्न हुआ।