P. O. C ബൈബിള്
पुराना नियम
भजन संहिता
अध्याय 83
1 : हे परमेश्वर, मौन न रह; हे परमेश्वर, चुप न रह, और न शान्त रह!
2 : क्योंकि देख तेरे शत्रु हंगामा मचा रहे हैं; और तेरे बैरियों ने सिर उठाया है।
3 : वे चतुराई से तेरी प्रजा की हानि की सम्मति करते, और तेरे रक्षित लोगों के विरुद्ध युक्तियाँ निकालते हैं।
4 : उन्होंने कहा, “आओ, हम उनका ऐसा नाश करें कि राज्य भी मिट जाए; और इस्राएल का नाम आगे को स्मरण न रहे।”
5 : उन्होंने एक मन होकर युक्ति निकाली है, और तेरे ही विरुद्ध वाचा बाँधी है।
6 : ये तो एदोम के तम्बूवाले और इश्माएली, मोआबी और हुग्री,
7 : गबाली, अम्मोनी, अमालेकी, और सोर समेत पलिश्ती हैं।
8 : इनके संग अश्शूरी भी मिल गए हैं; उन से भी लूतवंशियों को सहारा मिला है। (सेला)
9 : इन से ऐसा कर जैसा मिद्यानियों से, और कीशोन नाले में सीसरा और याबीन से किया था,
10 : जो एन्दोर में नष्ट हुए, और भूमि के लिये खाद बन गए।
11 : इनके रईसों को ओरेब और जाएब सरीखे, और इनके सब प्रधानों को जेबह और सल्मुन्ना के समान कर दे,
12 : जिन्होंने कहा था, “हम परमेश्वर की चराइयों के अधिकारी आप ही हो जाएँ।”
13 : हे मेरे परमेश्वर, इनको बवन्डर की धूलि, या पवन से उड़ाए हुए भूसे के समान कर दे।
14 : उस आग के समान जो वन को भस्म करती है, और उस लौ के समान जो पहाड़ों को जला देती है,
15 : तू इन्हें अपनी आँधी से भगा दे, और अपने बवन्डर से घबरा दे!
16 : इनके मुँह को अति लज्जित कर, कि हे यहोवा ये तेरे नाम को ढूँढ़ें।
17 : ये सदा के लिये लज्जित और घबराए रहें, इनके मुँह काले हों, और इनका नाश हो जाए,
18 : जिससे ये जानें कि केवल तू जिसका नाम यहोवा है, सारी पृथ्वी के ऊपर परमप्रधान है।