पवित्र बाइबिल
पुराना नियम
लैव्यव्यवस्था
अध्याय 1
1 : यहोवा ने मूसा को बुलाकर मिलापवाले तम्बू में से उससे कहा,
2 : “इस्राएलियों से कह कि तुम में से यदि कोई मनुष्य यहोवा के लिये पशु का चढ़ावा चढ़ाए, तो उसका बलिपशु गाय–बैलों अथवा भेड़–बकरियों में से एक का हो।
3 : “यदि वह गाय–बैलों में से होमबलि करे, तो निर्दोष नर मिलापवाले तम्बू के द्वार पर चढ़ाए कि यहोवा उसे ग्रहण करे।
4 : वह अपना हाथ होमबलिपशु के सिर पर रखे, और वह उसके लिये प्रायश्चित्त करने को ग्रहण किया जाएगा।
5 : तब वह उस बछड़े को यहोवा के सामने बलि करे; और हारून के पुत्र जो याजक हैं वे लहू को समीप ले जाकर उस वेदी के चारों ओर छिड़कें जो मिलापवाले तम्बू के द्वार पर है।
6 : फिर वह होमबलिपशु की खाल निकालकर उस पशु को टुकड़े टुकड़े करे;
7 : तब हारून याजक के पुत्र वेदी पर आग रखें, और आग पर लकड़ी सजाकर रखें;
8 : और हारून के पुत्र जो याजक हैं वे सिर और चरबी समेत पशु के टुकड़ों को उस लकड़ी पर जो वेदी की आग पर होगी सजाकर रखें;
9 : और वह उसकी अंतड़ियों और पैरों को जल से धोए। तब याजक सब को वेदी पर जलाए कि वह होमबलि यहोवा के लिये सुखदायक सुगन्धवाला हवन ठहरे।
10 : “यदि वह भेड़ों या बकरों की होमबलि चढ़ाए तो निर्दोष नर को चढ़ाए;
11 : और वह उसको यहोवा के आगे वेदी के उत्तरी ओर बलि करे; और हारून के पुत्र जो याजक हैं वे उसके लहू को वेदी के चारों ओर छिड़कें।
12 : और वह उसको टुकड़े टुकड़े करे, और सिर और चरबी को अलग करे, और याजक इन सब को उस लकड़ी पर सजाकर रखे जो वेदी की आग पर होगी;
13 : और वह उसकी अंतड़ियों और पैरों को जल से धोए। और याजक सब को समीप ले जाकर वेदी पर जलाए कि वह होमबलि और यहोवा के लिये सुखदायक सुगन्धवाला हवन ठहरे।
14 : “यदि वह यहोवा के लिये पक्षियों की होमबलि चढ़ाए, तो पंडुकों या कबूतरों का चढ़ावा चढ़ाए।
15 : याजक उसको वेदी के समीप ले जाकर उसका गला मरोड़ के सिर को धड़ से अलग करे, और वेदी पर जलाए; और उसका सारा लहू उस वेदी के बाजू पर गिराया जाए;
16 : और वह उसकी गल–थैली को मल सहित निकालकर वेदी के पूर्व की ओर राख डालने के स्थान पर फेंक दे;
17 : और वह उसको पंखों के बीच से फाड़े, पर अलग अलग न करे। तब याजक उसको वेदी पर उस लकड़ी के ऊपर रखकर जो आग पर होगी जलाए कि वह होमबलि और यहोवा के लिये सुखदायक सुगन्धवाला हवन ठहरे।